अधिष्ठात्री देवी मां विंध्यवासिनी धाम में पान,गुटखा, जर्दा के साथ धुम्रपान पर पूर्ण प्रतिबंध लगा
मिर्जापुर 28 सितम्बर (वार्ता) यदि आप पान गुटखा के शौकीन हैं और विंध्याचल आ रहे तो सावधान ! विश्व प्रसिद्ध विंध्य क्षेत्र की अधिष्ठात्री देवी मां विंध्यवासिनी धाम में पान,गुटखा, जर्दा के साथ धुम्रपान पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। पकड़े जाने पर एक हजार रुपए का जुर्माना लगा दिया गया है।
जिलाधिकारी प्रिंयका निरंजन ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिये हैं। मंदिर के प्रभारी अधिकारी एवं नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह से आदेश को कड़ाई से पालन कराने का निर्देश दिए हैं। मंदिर परिसर के आसपास पान गुटखा बेचना प्रतिबंधित कर दिया गया है।
बिंध्याचल में बन रहे कोरिडोर के निरीक्षण के लिए गयी जिलाधिकारी ने जब मंदिर के आस पास पान गुटखे की पीक की गंदगी देखी तो वह भड़क गयी और तुरंत प्रतिबंध लगा कर आदेश जारी कर दिए। नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह ने बताया कि यह प्रतिबंध मंदिर परिसर तक के लिए लगाया है। कोरिडोर का पूरा परिक्षेत्र परिसर में शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आज दोपहर जिलाधिकारी प्रिंयका निरंजन सहित बिंध्य प्राधिकरण नगर पालिका परिषद के अधिकारी एवं नगर विधायक रत्नाकर मिश्र शामिल थे।
मालूम हो कि विंध्यधाम में काशी विश्वनाथ मंदिर के तर्ज पर 600करोड रुपए से कोरिडोर का निर्माण किया जा रहा है।यह योजना उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ड्रीम प्रोजेक्ट है। आगामी लोकसभा चुनाव से पहले कोरिडोर का उद्घाटन करने योजना है।