राजनीति

यूपी में अपराधियों का भाजपाईकरण – अखिलेश

लखनऊ 20 सितम्बर (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा सरकार में अपराधियों का भाजपाईकरण हो गया है और अपराध और कानून-व्यवस्था पर जीरो टॉलरेंस का दावा फेल है।

श्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में अपराधियों ने एक साधु की सरेआम बेरहमी से हत्या कर दी। अयोध्या से राम मंदिर में सफाई कर्मचारी के साथ 16 से 25 अगस्त तक कई बार सामूहिक दुष्कर्म में सत्ता दल से सम्बन्धित आरोपित है। महिलाएं आस्था के स्थान पर भी सुरक्षित नहीं हैं।

उन्होने कहा कि यह घटनाएं उत्तर प्रदेश में बेखौफ घूम रहे दुर्दांत गैंग का सच सामने ला रही है। प्रदेश में हर दिन हत्याएं हो रही है। अपराधियों में प्रशासन का कोई डर नहीं है। महिलाओं के साथ अपराधों में तो उत्तर प्रदेश देश में सबसे ऊपर है। भाजपा सरकार के लोग जब यह कहते है कि अपराधी प्रदेश छोड़कर भाग गए हैं तो वह सच से मुंह मोड़ रहें हैं। दरअसल भाजपा सरकार में अपराधी कहीं नहीं गए हैं, उनका भाजपाईकरण हो गया है। तमाम दबंगों, अपराधियों को सत्ता का संरक्षण मिला हुआ है। सरकार हर स्तर पर भेदभाव करती है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि बीएचयू में छात्रा के साथ हुई घटना के आरोपियों का भाजपा सरकार का खुला संरक्षण सभी के सामने है, जेल से जमानत के बाद आरोपियों का स्वागत किया गया।भाजपाई पुलिस-प्रशासन के साथ मिलकर राजनीतिक विरोधियों को फंसाने की साजिश और षडयंत्र करते हैं। भाजपा सरकार में अवांछित तत्वों को बढ़ावा मिलता है और निर्दोषों को फंसाया जाता है। जाति धर्म देखकर सजाएं तय की जाती है। सत्ता दल से जुड़े असामाजिक तत्वों को छूट मिलती है और विपक्षियों के घरों पर बुलडोजर की कार्रवाई में देर नहीं लगती। इसीलिए अपराध कम होने के बजाय लगातार बढ़ते जा रहे हैं।

Chauri Chaura Times

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button