उत्तरप्रदेश
प्रयागराज में तेजी से बढ़ रही हैं गंगा और यमुना, गंगा के जलस्तर में करीब दो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार वृद्धि जारी
प्रयागराज(आरएनएस)। प्रयागराज में गंगा और यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। गंगा का जलस्तर तेजी से श्री बड़े हनुमान मंदिर की ओर बढ़ रहा है। यही रफ्तार जारी रही तो गंगा का जल मंदिर में प्रवेश कर सकता है। लगातार हो रही बारिश और बाढ़ का पानी गंगा-यमुना में छोड़े जाने के चलते सिंचाई विभाग बाढ़ प्रखंड अलर्ट मोड पर है। फाफामऊ, छतनाग और यमुना नदी में लगातार वृद्धि जारी है। दो से ढाई सेंटी मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दोनों नदिया बह रही हैं।
घाट पर रहने वाले लोग सुरक्षित स्थान की ओर शरण लेने लगे हैं। माता टीला बांध से करीब डेढ़ लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने का असर भी एक दो दिन में दिखेगा। इसके अलावा उत्तराखंड में हो रही बारिश और कई सहायक नदियां उफान पर होने के कारण संगमनगरी में इसका असर पड़ सकता है। उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और राजस्थान में हो रही भारी बारिश का असर प्रयागराज में दिख रहा है। सहायक नदियों के उफान पर होने के कारण बाढ़ का पानी गंगा और यमुना में छोड़ा जा रहा है। इससे यहां बाढ़ की स्थिति पैदा होने लगी है।
प्रयागराज में गंगा और यमुना का डेंजर लेबल 84.734 है। हालांकि दोनों नदियां अभी चेतावनी बिंदु के काफी दूर हैं, बावजूद इसके सिंचाई विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है।