राजनीति

तीन चरणों के चुनाव में जनता की नाराजगी देख भाजपा घबरा गई है – अखिलेश यादव

लखनऊ(आरएनएस)।  समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के बहराइच से लोकसभा प्रत्याशी रमेश चन्द्र गौतम, खीरी से लोकसभा प्रत्याशी उत्कर्ष वर्मा तथा धौरहरा खीरी से लोकसभा के प्रत्याशी आनन्द भदौरिया के पक्ष में विशाल चुनाव जनसभाओं को सम्बोधित कर भारी बहुमत से जिताने की अपील की है।
  अखिलेश यादव ने कहा है कि तीन चरणों के चुनाव में जनता की नाराजगी देख भाजपा घबरा गई है। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भाजपा के भ्रष्टाचार से त्रस्त जनता इस सरकार के खिलाफ निकल पड़ी है। भाजपा के लोग घबराये हुए हैं। अब तो अपने लोगों पर हमला करने लगें हैं। अभी तक विपक्ष पर हमला करने वाले भाजपा के शीर्ष नेता अपनांे के खिलाफ बोलने लगे हैं। एक पार्टी अपनों पर हमला कर रही है तो दूसरी पार्टी अपनों को पद से हटा रही है। बताइये दोनों में मिली भगत है कि नहीं? कहा कि भाजपा ने दस सालों में सत्ता का दुरुपयोग किया है। जनता से विश्वासघात किया है। समाज में नफरत फैलायी। हर स्तर पर भेदभाव किया। किसानों, नौजवानों को धोखा दिया। संविधान और लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया है। भाजपा बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर के बनाए संविधान को बदलना चाहती है। संविधान में मिले वोट और आरक्षण के अधिकार को छीनना चाहती है। यह चुनाव लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव है। किसानों, नौजवानों और देश के भविष्य को बचाने का चुनाव है। हम समाजवादी लोग संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। इस लड़ाई में एक तरफ संविधान की रक्षा करने वाले संविधान के रक्षक है तो दूसरी तरफ संविधान बदलने की साजिश करने वाले संविधान भक्षक है।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने तीन काले कृषि कानून लाकर किसानों की फसल और जमीन छीनने का षडयंत्र रचा। किसानों ने तीन काले कानूनों को विरोध किया आंदोलन किया, धरना दिया। भाजपा ने आंदोलन कुचलने का प्रयास किया। एक हजार किसान शहीद हुए। किसान पीछे नहीं हटे। भाजपा की तानाशाही सरकार को तीनों काले कानून वापस लेना पड़ा। किसानों के आंदोलन के बाद भी भाजपा सरकार ने किसानों की फसलों के लिए एमएसपी का कानूनी अधिकार नहीं दिया।
कहा कि भाजपा भरोसे के लायक नहीं है। भाजपा सरकार के फैसलों से लोगों पर कई बार संकट आया। इस सरकार ने नोटबंदी का फैसला अचानक किया। क्या इसके बारे में किसी को बताया था। नोटबंदी से अर्थव्यवस्था डूब गयी। लोगों की नौकरी छिन गयी। इन्होंने तमाम सरकारी संस्थाओं हवाई अड्डे, बंदरगाह, रेलवे स्टेशन, सब निजी हाथों में बेच दिया। नौकरियां छीन ली। आरक्षण खत्म कर दिया। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने अपने चहेते उद्योगपतियों का 16 लाख करोड़ रूपये का कर्ज माफ कर दिया लेकिन किसानों की मदद नहीं की। इंडिया गठबंधन की सरकार बनते ही किसानों की फसलों को एमएसपी का अधिकार दिया जाएगा। किसानों का पूरा कर्ज माफ होगा। किसानों की अन्य तरह से भी मदद होगी। किसान खुशहाल होगा तभी देश विकसित होगा। कहा कि इन लोगों ने सभी को वैक्सीन लगवा दी। वैक्सीन के कारण हार्ट समेत तमाम तरह की बीमारियां हो रही है। अब तो वैक्सीन बनाने वाली कम्पनी वैक्सीन वापस ले रही है। जो वैक्सीन लगवाने का दावा करते थे, अब उन्होंने अपनी फोटो प्रमाण पत्र से हटा ली। वैक्सीन कम्पनियों से पैसा वसूला। जनता की जान खतरे में डाल दी है। नाराज जनता भाजपा सरकार से पूछ रही है कि जिनके शरीर में ये वैक्सीन पहुंच चुकी है उनके अन्दर से वापस कैसे आएगी? भाजपा अपने ही देश के लोगों का जीवन दांव पर लगाकर जनद्रोही पार्टी बन गयी है।
Chauri Chaura Times

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button