Sunday, July 20, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

मोदी सरकार के 11 साल में हुये हैं, कई बुनियादी बदलाव: भाजपा

नयी दिल्ली, 11 जून (वार्ता) सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में हासिल प्रमुख उपलब्धियों की एक झांकी बुधवार को प्रस्तुत की और कहा कि देश की इन नयी उपलब्धियों के बीच पले-बढ़े युवा विकसित भारत की उत्प्रेरक शक्ति बनेंगे।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से राजधानी के भारत मंडपम में आयोजित मीडिया-मिलन कार्यक्रम में सूचना प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की उपलब्धियों के बारे में मीडिया के सामने एक घंटे तक प्रस्तुति दी। उन्होंने कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, अवसंचरना विकास, प्रौद्योगिकी, वित्तीय समावेशन जैसे विभिन्न क्षेत्र में आये बदलाव का आंकड़ों के साथ उल्लेख करते हुए कहा कि 2014 में मोदी सरकार के सत्ता संभालने से पहले प्रगति की ऐसी रफ्तार कभी नहीं देखी गयी थी।

इस कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं के अलावा भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, निर्मला सीतारमण और नितिन गडकरी और भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी तथा पार्टी के कई नेताओं ने भाग लिया।

श्री वैष्णव ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में सरकार ने न केवल आर्थिक परिवर्तन की दिशा में काम किया है, बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर करने के लिये लाखों लोगों के सशक्तिकरण के भी काम किये हैं और देश की सुरक्षा में सुधार किया है। सड़क और रेलवे नेटवर्क का विस्तार किया है, साथ ही पूर्ण विद्युतीकरण किया है, जो सबसे दूरदराज के क्षेत्रों तक आसान पहुंच स्थापित किया है।

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के रोजगार संबंधी आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि ये रोजगार सृजन में वृद्धि और कर्मचारियों के लाभों के बारे में जागरूकता को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि साथ ही मोदी सरकार ने चिनाब ब्रिज, अटल टनल और स्टेच्यू ऑफ यूनिटी सहित कई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को पूरा किया है, जो भारत की इंजीनियरिंग उत्कृष्टता का उदाहरण हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य ध्यान विकलांगों, ट्रांसजेंडरों और दलित, आदिवासी एवं पिछड़े समूहों सहित हाशिसे पर पड़े समुदायों का सशक्तिकरण रहा है। स्वच्छ जल, बिजली, स्वास्थ्य सेवा और डिजिटल सेवाओं जैसी आवश्यक सुविधाओं तक पहुंच का विस्तार लाखों घरों तक किया गया है। हरित ऊर्जा में भारत के नेतृत्व को भी इस कार्यक्रम में प्रदर्शित किया गया, जिसमें मंत्रालय ने कहा कि भारत स्थिरता में नये वैश्विक मानक स्थापित करना जारी रखता है, जिसे अंतरराष्ट्रीय नेताओं की प्रशंसा प्राप्त होती है।

श्री वैष्णव ने कहा कि जब भारत अपनी पहली स्वतंत्र मानव अंतरिक्ष उड़ान की तैयारी कर रहा है और चंद्रमा और उससे आगे की ओर देख रहा है, तो अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में सरकार का निवेश वैश्विक मंच पर देश की बढ़ती प्रमुखता को रेखांकित करता है। अंत्योदय के सिद्धांत से निर्देशित होकर, सरकार ने सभी कल्याणकारी योजनाओं में 100 प्रतिशत संतृप्ति के लिये प्रयास किया है। आवास से लेकर स्वास्थ्य सेवा और स्वच्छ खाना पकाने के ईंधन तक, पहले से सेवा प्राप्त लाखों वंचित परिवारों के पास अब बुनियादी सेवाओं तक पहुंच है।

कार्यक्रम के अंत में एक वीडियो फिल्म प्रदर्शित की गयी, जिसका संदेश था कि विकास के इस दौर का अनुभव कर रही युवा पीढ़ी तथा निपट गरीबी से उबर कर मध्य वर्ग में शामिल हुए लोग 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने में उत्प्रेरक का काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि श्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने न केवल आर्थिक परिवर्तन देखा है, बल्कि लाखों लोगों के सशक्तिकरण को भी देखा है।

Universal Reporter

Popular Articles