Tuesday, June 17, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

उच्चतम न्यायालय के लिए तीन न्यायाधीशों के नामों की सिफारिश

नयी दिल्ली, 26 मई (वार्ता) उच्चतम न्यायालय के कॉलेजियम ने शीर्ष अदालत के लिए तीन न्यायाधीशों के नामों की सिफारिश की है। शीर्ष अदालत की ओर से सोमवार को एक बयान जारी कर यह जानकारी प्रदान की गई।

बयान के अनुसार, कर्नाटक उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश एन वी अंजारिया, गुवाहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश विजय बिश्नोई और बॉम्बे उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति ए एस चंदुरकर को शीर्ष न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत करने की सिफारिश की गई।न्यायमूर्ति अंजारिया मूल रूप से गुजरात उच्च न्यायालय और न्यायमूर्ति बिश्नोई राजस्थान उच्च न्यायालय से आते हैं।

मुख्य न्यायाधीश बी आर गवई की अध्यक्षता वाली कॉलेजियम की बैठक में तीनों न्यायाधीशों को पदोन्नति करने की सिफारिश करने का फैसला लिया गया। बैठक में कॉलेजियम के अन्य सदस्यों में न्यायमूर्ति सूर्य कांत, न्यायमूर्ति विक्रम नाथ, न्यायमूर्ति जे के माहेश्वरी और न्यायमूर्ति बी वी नागरत्ना शामिल थे।

मुख्य न्यायाधीश गवई ने चौदह मई कॉलेजियम की बागडोर संभाली थी। तब से उनके नेतृत्व में की गई यह दूसरी सिफारिश है।

शीर्ष अदालत की कॉलेजियम 15 मई को कर्नाटक उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति केम्पैया सोमशेकर को मणिपुर उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त करने की सिफारिश की थी।

तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना, जस्टिस बेला एम त्रिवेदी और ए एस ओका इसी महीने सेवानिवृत्त हुए हैं। उनकी सेवानिवृत्ति के बाद शीर्ष अदालत 34 न्यायाधीशों की स्वीकृत संख्या के मुकाबले 31 न्यायाधीशों के साथ काम कर रहा है।

Universal Reporter

Popular Articles