Tuesday, May 13, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

अयोध्या में धूमधाम से मनाया गया रामलला विराजमान का जन्मोत्सव

अयोध्या, 6 अप्रैल (वार्ता) मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में भव्य और दिव्य मंदिर में विराजमान रामलला का जन्मोत्सव आज धूमधाम से मनाया गया।

भए प्रकट कृपाला, दीनदयाला कौशल्या हितकारी। हरषित महतारी, मुनि मनहारी अद्भुत रूप विचारी।। की चौपाई के साथ भव्य और दिव्य राम मंदिर में श्रीरामलला का प्रतीकात्मक रूप से जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। ठीक बारह बजे दोपहर रामलला को दूध से स्नान कराने के बाद वस्त्र पहनाकर जन्मोत्सव मनाया गया। रामलला के वैज्ञानिकों द्वारा भगवान सूर्य की किरणों से तिलक, अभिषेक कराया गया। प्रतीकात्मक रूप से भगवान श्रीराम ने जन्म लिया। भगवान सूर्य ने रामलला के ललाट पर तिलक किया। यह लगभग चार मिनट तक तिलक किया गया।

रामलला के जन्म पर अयोध्या के मंदिरों में बधाई व सोहर गीत शुरू हो गये। जगह-जगह पटाखे दगने लगे। घंटे, घडिय़ालों व शंख की करतल ध्वनि के बीच श्रीरामलला प्रकट हुए। उसके बाद पूरा वातावरण भगवान श्रीराम के नाम से गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर बधाई, सोहर गीत, प्रसाद वितरण आदि का सिलसिला जारी रहा। पूरी अयोध्या नगरी दुल्हन की तरह सजायी गयी है। मंदिरों में जन्मोत्सव की पूर्व बेला से ही बधाई, सोहर गीत आदि का दौर चल रहा है। किन्नर, साधु से लेकर सभी भक्तगण जन्मोत्सव की खुशी में डूबे हुए हैं। किन्नर समुदाय के लोग मठ-मंदिरों में जाकर महंतों से नेग, न्यौछावर मांग रहे हैं।

जिलाधिकारी चन्द्रविजय सिंह ने आज यहां बताया कि रामलला के जन्मोत्सव अर्थात् रामनवमी मेले में लाखों श्रद्धालुओं ने रामलला के जन्मोत्सव के साथ-साथ विभिन्न मंदिरों में जा करके दर्शन-पूजन किया। चैत्र रामनवमी मेले को दस सेक्टर में बांटा गया । श्रीरामजन्मभूमि क्षेत्र में भी व्यापक सुरक्षा व्यवस्था है। श्रीरामलला जन्मोत्सव की तैयारियां विगत एक सप्ताह से युद्ध स्तर पर चल रही थीं। रामलला के जन्मोत्सव में पंजीरी, कुट्टू व सिंघाड़े का आटा व रामदाना का भोग लगाया गया था जो श्रद्धालुओं में बांटा गया।

उन्होंने बताया कि जन्मोत्सव मनाये जाने के बाद जन्मभूमि में दर्शनार्थियों सहित सभी को प्रसाद वितरण किया गया। पूरी अयोध्या में जन्मोत्सव बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। उन्होंने बताया कि अयोध्या को सजाने का काम किया गया है। राम मंदिर में जन्मोत्सव की भव्यता देखने को मिल रही है। चरणामृत प्रसाद भी काफी दर्शनार्थियों को दिया जा रहा है।

श्रीरामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला के मंदिर के अलावा छोटे-बड़े करीब १२१ मंदिरों में शहर एवं नगर निगम क्षेत्र परिधि के बाहर श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट न्यास द्वारा काफी मात्रा में एलईडी लगायी गयी है, जिसमें श्रीरामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला का जन्मोत्सव सीधे दिखाया गया। रामलला को छप्पन प्रकार के भोग भी अर्पित किये गये। मेला क्षेत्र में चिकित्सा विभाग, नगर निगम विभाग, विद्युत विभाग एवं अन्य स्वयंसेवी संगठनों एवं जिला प्रशासन द्वारा आपदा प्रबंधन आदि व्यापक व्यवस्था की गयी है। मंदिर करीब बीस घंटे के आसपास खुला रहेगा, जिससे श्रद्धालु दर्शन करते रहेंगे। जन्मोत्सव के समय भये प्रकट कृपाला का दर्शन हुआ तथा अधिक हवन तथा सुगंधित धूप के कारण पूरा मंदिर सुगंधित हो गया।

इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष मणिराम दास छावनी के महंत नृत्यगोपाल दास, ट्रस्ट के महासचिव चम्पत राय, सदस्य डा. अनिल मिश्रा सहित विश्व हिन्दू परिषद के तमाम पदाधिकारी उपस्थित थे।

अयोध्या के मण्डलायुक्त गौरव दयाल, आईजी जोन प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी चन्द्रविजय सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरण नैैय्यर, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी/मेलाधिकारी सलिल कुमार पटेल, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सहित तमाम अधिकारी लोग उपस्थित रहे। ट्रस्ट के अनुसार स्थापित एलईडी का संचालन किया गया, जिससे श्रद्धालु श्रीरामजन्मोत्सव का आनंद उठा सकें। पूरा अयोध्या राममय हो गया।

Universal Reporter

Popular Articles