Tuesday, June 17, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

पूरी दुनिया को अपनी ताकत का अहसास करा रहा है नया भारत: योगी

संतकबीरनगर 26 मई (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया एक नए भारत का दर्शन कर रही हैं जहां विरासत और विकास दोनों ने भारत को वैश्विक पहचान दी है। नया भारत पूरी दुनिया को अपनी ताकत का एहसास करा रहा है।

संतकबीरनगर जिले के प्रसिद्ध शिव मंदिर तामेश्वरनाथ धाम में पूजा अर्चना के बाद एक सार्वजानिक सभा को संबोधित करने से पहले योगी ने जिले में 1515 करोड़ रूपये की 528 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया और विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

सभा को संबोधित करते हुए योगी ने कहा “ आज हमारा देश बदल चुका है, एक नए भारत का हम दर्शन कर रहे हैं। भारत जो एक भी है और श्रेष्ठ भी है। एक ऐसा भारत जो बिना रुके, बिना डिगे, बिना झुके अपनी विरासत की यात्रा को आगे बढ़ा रहा है।”

इस अवसर पर उन्होने तामेश्वरनाथ में कॉरीडोर बनाए जाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा “ मैं जिला प्रशासन और यहां के जनप्रतिनिधियों को धन्यवाद देता हूं। मेरी बहुत दिनों से इच्छा थी कि मैं तामेश्वरनाथ धाम के दर्शन करूं जो आज कर सका। ”

योगी ने कहा “ आज से 10 साल पहले लोगों को विश्वास नहीं होता था कि भारत भी सीना तान कर खड़ा हो पाएगा। हमारे पास भी वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर के हाईवे होंगे, रेलवे, मेट्रो, वाटर वे या एयर-वे हमारे पास भी होंगे, ये कल्पना थी। लेकिन आज इसका साकार रूप देखने को मिल रहा है। भारत का सबसे बड़े एक्सप्रेसवे का नेटवर्क यूपी के पास है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे अंबेडकर नगर संत कबीर नगर और गोरखपुर को जोड़ते हुए बढ़िया कनेक्टिविटी दे रहा है। सबसे बड़ा सड़क-रेलवे का नेटवर्क यूपी के पास है। देश की पहली रैपिड रेल भी उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित हो रही है।”

उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत के सामने एक लक्ष्य तय किया है कि 2047 में भारत को दुनिया की सबसे बड़ी ताकत बनाना है। यह तभी होगा जब 140 करोड़ लोग ईमानदारी से अपना काम करेंगे। दस साल पहले कोई सोच सकता था क्या कि राम लला अयोध्या में विराजमान हो पाएंगे, काशी विश्वनाथ नाथ मंदिर इतना भव्य होगा, मां विंध्यवासिनी धाम इतना भव्य होगा। प्रयागराज का कुंभ इतना अच्छा होगा, लेकिन आज देखिए देश-विदेश से लोग अयोध्या आ रहे हैं और कुंभ में 66 करोड़ लोग स्नान करने आए। कौन ऐसा भारतीय होगा जिसे इस पर गर्व न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा “ अयोध्या 2017 से पहले कैसी थी, आज लोग अभिभूत होते हैं। काशी धाम कैसा था, 50 लोग नहीं जा पाते थे जबकि आज दर्शन करने 50 हजार लोग एक साथ जा सकते हैं। मां विंध्यवासिनी के धाम में 10 लोग एक साथ नहीं जा पाते थे, आज 10 हजार लोग एक साथ जा सकते हैं। अगर यही कुंभ 2017 के पहले लगा होता तो क्या हाल होता, प्रयागराज का और संगम का आशीर्वाद लेकर लोग अपने घर भी वापस आए यह व्यवस्था का अंतर होता है। ये हमारी जिम्मेदारी होती है कि लोगों को सुरक्षित माहौल मिले। मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि मैं आज बाबा तामेश्वरनाथ का दर्शन कर पाया। दर्शन करने के साथ 1500 करोड़ रुपए से अधिक की सौगात देने का भी सौभाग्य प्राप्त हुआ।”

उन्होने कहा कि यह नया भारत दुनिया के अंदर अपनी ताकत का अहसास करा रहा है। आपने 10 साल में बदलता भारत देखा है। सभी को बिना भेदभाव के योजनाओं का लाभ मिल रहा है। आज ही सुबह आपने देखा होगा हमने डेढ़ करोड़ छात्रों को डीबीटी के माध्यम से पैसा भेजा है। एक करोड़ 65 साल लोगों को ओडीओपी से रोजगार मिला है। नया उप्र बिना किसी बाधा के अपने नागरिकों को सुरक्षा दे रहा है और समृद्धि दे रहा है। 75 जिलों में बिना भेदभाव के विकास हो रहा है। ये डबल इंजन की सरकार आपके साथ है।

योगी ने कहा कि तामेश्वर नाथ धाम कॉरिडोर बनेगा। किसी को उजाड़ेंगे नहीं, किसी के रोजगार पर असर नहीं होगा। लोगों को सुरक्षित दर्शन का अवसर मिलेगा। बढ़िया कॉरिडोर का निर्माण करें, जिससे इस जनपद को अलग पहचान मिले। जब यह फाइल मेरे पास बनकर आएगी मैं स्वीकृत कर दूंगा। एक-एक गोस्वामी और एक-एक दुकानदार को स्थापित करेंगे किसी को उजाड़ेंगे नहीं, बल्कि उसका पुनर्वास करेंगे।

Universal Reporter

Popular Articles