उत्तरप्रदेश

राम की पैड़ी पर मोदी ने किया दीपोत्सव का उद्घाटन

अयोध्या, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को उत्तर प्रदेश में श्रीराम की नगरी अयोध्या में सदानीरा सरयू के तट पर राम की पैड़ी घाट से छठे दीपोत्सव का उद्घाटन कर 16 लाख दीयों से प्रज्वलित अद्भुद रौशनी का अवलोकन किया।

इससे पहले उन्होंने राम रस में डूबी अयोध्या में सरयू तट पर एकत्र जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि श्रीराम भारत के कण-कण में हैं। जन-जन के मन में हैं। मोदी ने कहा कि आज अयोध्या जी, दीपों से दिव्य हैं, भावनाओं से भव्य हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने दीपोत्सव के महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि दीपोत्सव का हर दीप, सत्य की विजय का प्रतीक है। हर दीप संदेश देता है कि जीत सदैव राम रूपी सत्य की होती है, रावण रूपी असत्य की नहीं। मोदी ने कहा हर दीप की ज्योति, ‘सबके साथ’ का प्रतीक है, हर दीप की ज्योति संसार के कल्याण की प्रतीक है। दीया आशा भी देता है, उष्मा भी देता है।

उन्होंने कहा, “हम उस सभ्यता और संस्कृति के वाहक हैं, पर्व और उत्सव जिनके जीवन का सहज-स्वाभाविक हिस्सा रहे हैं। दीपावली के दीपक, भारत के आदर्शों, मूल्यों और दर्शन के जीवंत ऊर्जापुंज हैं।” प्रधानमंत्री ने कहा कि भगवान राम पूरे विश्व को प्रकाश देने वाले हैं। वो पूरे विश्व के लिए एक ज्योतिपुंज की तरह है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दीप से दीपावली तक, यही भारत का दर्शन है, यही भारत का चिंतन है, यही भारत की चिरंतर संस्कृति है। भारत की सनातन संस्कृति के शास्वत एवं सतत स्वरूप का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि मध्य काल से आधुनिक काल तक भारत ने न जाने कितने अंधकार भरे युगों का सामना किया है। उन्होंने कहा, “जिस झंझावातों में बड़ी बड़ी सभ्याताओं के सूर्य अस्त हो गये, उनमें हमारे दीपक जलते रहे। प्रकाश देते रहे और फिर उन तूफानों को शांत कर उदीप्त हो उठे।”

उन्होंने कहा कि आज अयोध्या जी, दीपों से दिव्य हैं, भावनाओं से भव्य हैं, आज अयोध्या नगरी, भारत के सांस्कृतिक पुनर्जागरण के स्वर्णिम अध्याय का प्रतिबिंब है। मोदी ने कहा, “हमने त्रेता की उस अयोध्या के दर्शन नहीं किए, लेकिन प्रभु श्रीराम के आशीर्वाद से आज हम अमृतकाल में अमर अयोध्या की अलौकिकता के साक्षी बन रहे हैं।

हम उस सभ्यता और संस्कृति के वाहक हैं, पर्व और उत्सव जिनके जीवन का सहज-स्वाभाविक हिस्सा रहे हैं।”

दीपावली के दीपकों का महत्व बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “दीपावली के दीपक हमारे लिए केवल एक वस्तु नहीं है। ये भारत के आदर्शों, मूल्यों और दर्शन के जीवंत ऊर्जापुंज हैं।” इस अवसर पर उन्होंने श्रीराम की आस्था के महत्व का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “जगत प्रकास्य प्रकासक रामू। अर्थात, भगवान राम पूरे विश्व को प्रकाश देने वाले हैं। वो पूरे विश्व के लिए एक ज्योतिपुंज की तरह हैं।”

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल अनंदीबेन पटेल, राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन के बाद सरयू घाट पर मंच की अत्याधुनिक प्रकाश व्यवस्था को बंद कर एक साथ 16 लाख दीपों की ज्योति से पूरी अयोध्या को आलोकित करती रोशनी का सबने दीदार किया। इस बीच रामकथा के विभिन्न प्रसंगों का लेजर लाइट शाे के माध्यम से रेखांकन किया गया।

Chauri Chaura Times

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button