Friday, April 25, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

मोदी, बिड़ला ने सुनीता विलियम्स की वापसी पर खुशी जताई, दीं शुभकामनाएं

नयी दिल्ली, 19 मार्च (वार्ता) भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स की जटिल परिस्थितियों के बीच धरती पर सकुशल वापसी से भारत में खुशी का महौल है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित देश के शीर्ष नेतृत्व ने सुनीता विलियम्स, साथ लौटे अंतरिक्ष यात्रियों और अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा को शुभकामनाएं और बधाई दी हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने सुनीता और अंतरिक्ष स्टेशन के साथी यात्रियों की वापसी पर बुधवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “क्रू9, आपका स्वागत है! पृथ्वी को आपकी याद आई।”

श्री मोदी ने इन अंतरिक्ष यात्रियों के धैर्य और मनोभाव की प्रसंशा करते हुए लिखा, “उनका धैर्य, साहस और असीम मानवीय भावना की परीक्षा रही है। सुनीता विलियम्स और क्रू9 के अंतरिक्ष यात्रियों ने एक बार फिर हमें दिखाया है कि दृढ़ता का सही मतलब क्या है। विशाल अज्ञात के सामने उनका अटूट दृढ़ संकल्प हमेशा लाखों लोगों को प्रेरित करेगा।”

श्री मोदी ने लिखा, “अंतरिक्ष अन्वेषण मानव क्षमता की सीमाओं को आगे बढ़ाने, सपने देखने की हिम्मत करने और उन सपनों को वास्तविकता में बदलने का साहस रखने के बारे में है। सुनीता विलियम्स, एक पथप्रदर्शक और एक आदर्श, ने अपने पूरे करियर में इस भावना का उदाहरण दिया है।”

प्रधानमंत्री ने लिखा, “हमें उन सभी पर बहुत गर्व है जिन्होंने उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए अथक परिश्रम किया। उन्होंने दिखाया है कि जब सटीकता जुनून से मिलती है और तकनीक दृढ़ता से मिलती है तो क्या होता है।” श्री मोदी ने इस पोस्ट के साथ सुनिता के साथ अपनी एक मुलाकात की फोटो भी टैग की है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ाला ने एक संदेश में कहा, “नासा और क्रू9 मिशन की सुरक्षित वापसी के पीछे की अविश्वसनीय टीम को हार्दिक बधाई! सुनीता विलियम्स ने अपनी भारतीय जड़ों और वैश्विक सद्भावना के साथ, अपनी उल्लेखनीय उपलब्धियों और अटूट दृढ़ संकल्प से पूरी दुनिया को प्रेरित किया है। ”

लोक सभा अध्यक्ष ने एक्स पर लिखा, “इस मिशन के दौरान, सुनिता विलियम्स ने अपने साथी अंतरिक्ष यात्रियों के साथ, दृढ़ता, टीमवर्क और साहस की शक्ति का प्रदर्शन किया है। उनका मिशन न केवल अंतरिक्ष अन्वेषण में एक मील का पत्थर है, बल्कि यह इस बात का प्रमाण है कि जब हम बड़े सपने देखते हैं और एक साथ काम करते हैं तो मानवता क्या हासिल कर सकती है। हम उनकी असाधारण यात्रा को सलाम करते हैं और उनके अच्छे स्वास्थ्य और निरंतर सफलता की कामना करते हैं।”

उल्लेखनीय है कि नौ माह तक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर फंसी सुनीता और बुच विल्मोर बुधवार को सुबह एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के ड्रैगन यान से फ्लोरिडा के पास समंदर में उतरे। दोनों को 05 जून, 2024 को परीक्षण यान स्टारलाइनर से अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन के लिए भेजा गया था। उन्हें आठ दिन बिता कर लौटना था लेकिन यान में तकनीकी गड़बड़ी के कारण वे वहां फंस गए।

Universal Reporter

Popular Articles