Friday, March 21, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

मेडागास्कर के संसदीय शिष्टमंडल ने भारत के लोकसभा की कार्यवाही देखी

नयी दिल्ली 12 मार्च (वार्ता) मेडागास्कर की नेशनल असेंबली (राष्ट्रीय संसद) के अध्यक्ष जस्टिन टोकेली के नेतृत्व में भारत यात्रा पर आये वहां के एक संसदीय शिष्टमंडल ने बुधवार को भारत की संसद कार्यप्रणाली के काम-काज के तरीकों की जानकारी ली और दोनों सदनों में चल रही बजट सत्र की कार्यवाही देखी।

लोक सभा में सदन की कार्यवाही शुरू होने पर अध्यक्ष ओम बिरला ने सदस्यों को जानकारी दी कि मेडागास्कर का संसदीय शिष्टमंडल सदन की कार्यवाही देखने के लिए विशिष्ट दीर्घा से उपस्थित है। उन्होंने कहा, ‘‘ हमारे सदन की विशिष्ट दीर्घा में मेडागास्कर की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जस्टिन टोकेली के नेतृत्व में मेडागास्कर का संसदीय शिष्टमंडल उपस्थित है।’’

मेडागास्कर के संसदीय शिष्टमंडल के सदस्य श्री बिरला के साथ अलग से एक बैठक में भी शामिल हुए और उनके साथ भारत की संसदीय प्रणाली के बारे में चर्चा की ।

उल्लेखनीय है कि भारत और मेडागास्कर के बीच ऐतिहासिक रूप से मजबूत संबंध हैं। दोनों देशों के बीच व्यापार, संस्कृति और आपसी संपर्क का सैकड़ों वर्ष पुराना इतिहास है। मेडागास्कर हिंद महासागर क्षेत्र में भारत का एक महत्वपूर्ण भागीदार है। दोनों देशों की साझेदारी क्षेत्रीय स्थिरता और आर्थिक समृद्धि को बढ़ाने में सहायक रही हैं।

मेडागास्कर गणराज्य हिन्द महासागर में अफ़्रीका के पूर्वी तट के करीब स्थित द्वीप समूहों का देश है। इसका मुख्य द्वीप मेडागास्कर विश्व का चौथा सबसे बड़ा द्वीप है।

Universal Reporter

Popular Articles