Friday, March 21, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

बड़े तीस मार खां हैं मुख्यमंत्री योगी: अखिलेश

लखनऊ 13 मार्च (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को तंज कसते हुये कहा कि ऐसा लगता है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बड़े तीस मार खां है।

श्री यादव ने पार्टी दफ्तर में पत्रकारों से बातचीत में कहा “ ऐसा लगता है कि मुख्यमंत्री जी बड़े तीस मार खां है। उन्हें तीस से बड़ा प्रेम है। महाकुंभ में मरे कितने, उन्होंने बताया तीस। कारोबार कितना हुआ, बताया 30 करोड़। पूरे प्रदेश को कितना फायदा होगा बताया तीस गुणा दस हजार करोड़। यह आंकड़ा मुख्यमंत्री के अलावा कोई नहीं दे सकता।”

उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री बताएं कि उन्होंने कब फैसला लिया था कि प्रयागराज में परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र अपनी बाइक का कमर्शियल यूज करेंगे और उससे पैसा कमाएंगे। मुख्यमंत्री के बयान से तो यह लगता है कि अब प्रयागराज के छात्रों को अगला रोजगार 144 साल बाद लगने वाले महाकुंभ में ही मिलेगा।

अखिलेश ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में संविधान सुरक्षित नहीं है। उत्तर प्रदेश सरकार की असंवैधानिक कार्रवाइयों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने भी कई बार टिप्पणी की है। निर्देश दिए हैं, सरकार के खिलाफ अपना ऑब्जरवेशन दिया है फिर भी भाजपा सरकार उसे नहीं मान रही है। भाजपा सरकार जनता को गुमराह करने के लिए झूठे बयान देती है और बयान दिलवाती है। भाजपा के लोग झूठ तो बोलते ही हैं, झूठ पर टिके भी रहते हैं। भाजपा झूठ बोलने वाली पार्टी है।

उन्होने कहा कि भाजपा सरकार नौजवान, किसान, पीडीए विरोधी है। भाजपा सरकार अब कुछ भी कर ले लेकिन पिछड़ा, दलित, आदिवासी, आधी आबादी और अल्पसंख्यक भाइयों ने मन बना लिया है कि वह पीडीए को मजबूत करेंगे। पीडीए की ताकत को आगे बढ़ाएंगे। श्री यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री को खुद नहीं पता है कि वह उर्दू का विरोध उर्दू में कर रहे थे। उनके भाषण में उर्दू के तमाम शब्द रहते हैं। यह बात समझनी चाहिए कि कि उर्दू भारतीय भाषा है। यही जन्मी, बढी और यही उसका विकास हुआ।

श्री यादव ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। किसानों की आय दोगुना नहीं हुई। कानून व्यवस्था ध्वस्त है। लगातार हत्याएं हो रही हैं। लूट हो रही है, स्वास्थ्य सेवाएं खराब हो चुकी हैं, मेडिकल कॉलेजों, अस्पतालों में इलाज नहीं मिल पा रहा है । मरीज को एंबुलेंस नहीं मिलती है। हर विभाग में भ्रष्टाचार हो रहा है, ऐसा भ्रष्टाचार और लूट कभी नहीं था। इस सरकार ने पुलिस को बेईमान बना दिया है।

उन्होने कहा कि भाजपा सबसे भ्रष्ट पार्टी है। महंगाई पर कोई नियंत्रण नहीं है। निवेश नहीं हो रहा है। शेयर मार्केट डूब रहा है। इस सरकार ने पूरे बाजार को दूसरों के हवाले कर दिया है। अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। भाजपा झूठ बोलने में नंबर एक है। सरकार ने सब बेच दिया, किसान बाजार बेच दिया, पलासियो माल बेच दिया। भाजपा चुनाव में बेईमानी करती है, वोट नहीं डालने देती है। वोट कटवा देती है। हमने पार्टी के सभी लोगों से कहा है कि जो भी 18 साल का हो जाए, सबका वोट बनवाएं। अपनी अपनी वोटर लिस्ट को ध्यान से देखें और बेहतर करें।

श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार को उजागर करने वालों की हत्याएं हो रही हैं। जानकारी मिली है कि सीतापुर के पत्रकार ने भ्रष्टाचार को उजागर किया था इसीलिए उसकी हत्या हो गई। भ्रष्टाचार के मामले में यह कोई पहली जान नहीं गई है। अभी नोएडा में जिस अधिकारी ने आत्महत्या की है, उसके बारे में पता चला है कि उसके ऊपर बहुत दबाव था। भाजपा सरकार में किसी के साथ कुछ भी हो सकता है, किसी की भी जान जा सकती है। जनता भाजपा सरकार में हो रहे अराजकता और भ्रष्टाचार को जान रही है, आने वाले चुनाव में इन्हें हटा देगी।

उन्होंने कहा कि गेहूं की एमएसपी पर्याप्त नहीं है। भाजपा सरकार ने गन्ने की कीमत नहीं बढाई। पर्ची में भी हेराफेरी कर रहे हैं। गन्ना किसान आंदोलन करता रहा।

उन्होने प्रदेश और देशवासियों को होली की बधाई दी। होली खुशियों का त्यौहार है। हमें उम्मीद है देश की पहचान गंगा जमुनी तहजीब और भाईचारे के साथ हम लोगों ने जिस तरह से सभी त्यौहार मनाये हैं। सभी त्योहारों में एक दूसरे को बधाई देते हैं, खुशियों के साथ मिलजुल कर मनाते हैं। इस तरह से होली भी खुशियों के साथ मनाएंगे।

Universal Reporter

Popular Articles