Sunday, July 20, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

भाजपा ने जानबूझ कर ली अब्बास अंसारी की सदस्यता

लखनऊ 06 जून (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जानबूझ कर विधायक अब्बास अंसारी की सदस्यता समाप्त करायी।

श्री यादव ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भाजपा ने अब्बास अंसारी की सदस्यता जानबूझ कर ली। उन्होने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में फैसले भी जाति के आधार पर हो रहे हैं। सरकार के बैठे लोग उनका डीएनए याद दिला रहे है। भाजपा के जिन लोगों ने डीएनए की बात की, उनकी सदस्यता क्यों नही जा रही है। इसीलिये वह कहते हैं कि संविधान को खतरा है। इस सरकार में केवल समाजवादियों की सदस्यता जा रही है। भाजपा के लोग जो अनर्गल बोल रहे है। उनकी सदस्यता क्यों नहीं जा रही है।

गौरतलब है कि हेट स्पीच के एक मामले में मऊ की एक अदालत ने अब्बास अंसारी को दो साल की सजा सुनायी थी जिसके बाद नियमानुसार विधानसभा से उनकी सदस्यता रद्द कर सीट को रिक्त घोषित कर दिया गया था।

श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में पेपर लीक की क्वार्टर सेंचुरी बन चुकी है। बेरोजगार नौजवानो के लिये नौकरी का विज्ञापन निकला और फिर कुछ ही मिनट में डिलीट कर दिया गया। उन्होने कहा कि शिक्षामित्र और तमाम नौजवान जो धरने, आंदोलन पर बैठे हैं उनको न्याय समाजवादी सरकार में ही मिलेगा।

आलमबाग मेट्रो स्टेशन के पास दुष्कर्म की घटना पर पूछे गये एक सवाल पर उन्होने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार में जिसका नारा था जीरो टॉलरेंस वही जीरो हो गया।

एक सवाल के जवाब में उन्होने कहा कि 2027 में पीडीए सरकार में ही जातीय जनगणना होगी और सही जनगणना होगी। उन्होने कहा कि गोमती रिवर फ्रंट को खराब करने का काम भाजपा ने किया। यह देश् का सबसे अच्छा रिवर फ्रंट था जो भाजपा सरकार के कार्यकाल में बदहाल स्थिति में है। अब सुनने में आया है कि रिवर फ्रंट के फव्वारे चोरी हो गये हैं। इस सरकार में फव्वारे चोर बैठे हैं। भारतीय जनता पार्टी को कोई अच्छा काम पसंद नहीं है, हर अच्छा काम यह खराब कर देते हैं।

उन्होने एक सवाल के जवाब में कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश की जनता न केवल भाजपा को सस्पेंड करेगी बल्कि हमेशा हमेशा के लिए इन्हें विदा ही कर देगी। उन्होने कहा “ आज छत्रपति शिवाजी महाराज जी का जो हम राज्याभिषेक दिवस मना रहे हैं, यह हमें रास्ता दिखा रहा है कि किस तरह से हम पंथनिरपेक्ष होकर, सबको साथ लेकर, सबका सम्मान करके समाज और राष्ट्र को और मजबूत कर सकते हैं।”

श्री यादव ने आगामी पंचायत चुनाव में धांधली की आशंका व्यक्त करते हुये कहा कि भाजपा पुलिस के जरिये विपक्ष के लोगों पर दवाब बनाती है। उन पर झूठे मुकदमे लिखाओगे तो पुलिस से उम्मीद की जा सकती है कि वह सही काम करेगी। चुनाव आते आते देखिये क्या क्या होता है।

उन्होने कहा कि भाजपा ने अपने नेताओं के लिये भी कोई काम किया। समाजवादियों द्वारा बनाये गये लोकभवन में प्रतिमा लगा दी है। कैंसर संस्थान में प्रतिमा लगा दी। इकाना स्टेडियम का नाम बदल दिया।

Universal Reporter

Popular Articles