Tuesday, May 13, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

बाबरी मस्जिद पक्षकार रहे इकबाल अंसारी ने रामलला जन्मोत्सव पर श्रद्धालुओं पर की पुष्पवर्षा

अयोध्या, 6 अप्रैल (वार्ता) बाबरी मस्जिद के पक्षकार रहे इकबाल अंसारी ने आज श्रीरामजन्मभूमि पर दिव्य और भव्य मंदिर में विराजमान रामलला के जन्मोत्सव पर आये श्रद्धालुओं का फूलों से वर्षा कर स्वागत किया।

इकबाल अंसारी ने रामलला के जन्मोत्सव पर अयोध्या पहुंचने वाले श्रद्धालुओं पर जमकर फूलों की वर्षा की। प्रतीकात्मक रूप से भगवान श्रीराम ने जन्म लिया हैै। भगवान सूर्य ने रामलला के ललाट पर जलाभिषेक करीब चार मिनट तक किया। अयोध्या के मंदिरों में बधाईयां व सोहर के गीत गाये जा रहे हैं, जिस पर दूरदराज से आये श्रद्धालु विभिन्न मंदिरों में जा करके दर्शन और पूजन कर रहे हैं।

रामलला के जन्मोत्सव में बाबरी मस्जिद के पक्षकार रहे इकबाल अंसारी ने श्रद्धालुओं के ऊपर फूल की वर्षा करने के बाद कहा कि यह कदम भाईचारे और एकता के संदेश के लिये उठाया गया है। उन्होंने कहा रामभक्तों पर फूल बरसाकर हमने यह संदेश देने की कोशिश की है कि अयोध्या प्रेम और सौहार्द की मिसाल बन गयी है।

उन्होंने कहा कि अयोध्या में हिन्दू-मुस्लिम में कोई भेदभाव नहीं है। हम लोग सौहार्दपूर्वक यहां रहते हैं। हिन्दू अपना त्यौहार मनाते हैं हम अपना त्यौहार मनाते हैं। एकदूसरे के त्यौहार में हम लोग शरीक होते हैं। अयोध्या जो है प्रेम और सौहार्द की जगह है। पूरे देश में यह संदेश हम देना चाहते हैं।

Universal Reporter

Popular Articles