Tuesday, May 13, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

आनंदीबेन ने परखी महराजगंज में विकास योजनाओं की हकीकत

लखनऊ 17 मार्च (वार्ता) उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सोमवार को महराजगंज की विभिन्न विकास योजनाओं और कानून व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

राज्यपाल ने बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए सैम/मैम बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराते हुए आवश्यक दवाओं और अनुपूरक आहार की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने पोषण भी, पढ़ाई भी प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभाग की विभिन्न सेवाओं के विषय में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण दिए जाने का भी निर्देश दिया।

श्रीमती पटेल ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में आवासित छात्राओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक टीकाकरण कराए जाने के लिये निर्देशित किया। उन्होंने अभिनव प्रयास के रूप में परिषदीय विद्यालयों के उच्चीकरण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अन्य विद्यालयों के उच्चीकरण के लिए भी प्रेरित किया। साथ ही परिषदीय विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की प्रभावी उपस्थिति को सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने महिला अपराध सहित सर्वाधिक घटित होने वाले अपराधों की जानकारी ली और कहा कि पुलिस अधिकारी महिला अपराधों के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाएं। महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों के प्रति जागरूकता अभियान चलाएं और मिशन शक्ति के प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि महिलाओं और बच्चों से जुड़ी योजनाओं का क्रियान्वयन संवेदनशीलता के साथ करें। क्षय रोग उन्मूलन अभियान को प्रभावी ढंग से चलाएं और निर्धारित लक्ष्य के अनुसार क्षय रोग का उन्मूलन करें। टीकाकरण अभियान को व्यापक पैमाने पर चलाकर सुनिश्चित करें कि कोई बच्चा टीकाकरण से छूटने न पाए।

Universal Reporter

Popular Articles