Friday, March 21, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

भाजपा राज में गरीबों के साथ अन्याय: अखिलेश

लखनऊ 10 मार्च (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में गरीबों और कमजोर वर्गों के साथ अन्याय हो रहा है।

श्री यादव ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि पुलिस से लेकर दबंग और गुण्डे गरीबों पर अत्याचार कर रहे हैं। लखनऊ में पुलिस ने ई-रिक्शा चालक की पिटाई कर दी। इसी तरह से चित्रकूट में एक रिक्शा चालक के कर्ज पर लिए रिक्शे को भ्रष्ट अधिकारी द्वारा जब्त करके 50 हजार रुपये की घूस मांगी गई। मांग पूरी न कर पाने पर रिक्शा चालक द्वारा आत्महत्या की खबर दिल दहला देने वाली है।

उन्होने कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश से हर दिन कहीं न कहीं गरीब की आत्महत्या की खबरें आती है। न्याय न मिलने से कहीं किसान आत्महत्या पर मजबूर हैं तो कहीं गरीब लोग खुद को आग लगा रहे हैं। उत्तर प्रदेश में विधानसभा के सामने और मुख्यमंत्री आवास के पास अक्सर इस तरह की घटनाएं सामने आती है। आत्महत्या से बड़ा भाजपा के अमानवीय शासनकाल का प्रमाण और क्या हो सकता है।

श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में किसी को न्याय नहीं मिल रहा है। किसान, नौजवान, व्यापारी, गरीब सभी परेशान और सत्ता और उसके समर्थकों से प्रताड़ित है। महिलाएं और बच्चियां रोज अपमानित हो रही हैं। थानों में भी न्याय नहीं मिलता है बल्कि पीड़ितों के लिए थाने भी सुरक्षित नहीं है। हिरासत में मौतों के मामले में उत्तर प्रदेश अव्वल है। गुण्डे और दबंग भाजपा सरकार के संरक्षण में अराजकता फैला रहे है। लोग त्रस्त है। न्याय के लिए भटक रहे हैं।

Universal Reporter

Popular Articles