Sunday, July 20, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार,महंगाई और बेरोजगारी चरम पर : अखिलेश

लखनऊ 12 जून (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। भ्रष्टाचार के कारण अन्याय, अत्याचार हो रहा है। वसूली और जमीनों की लूट हो रही है। इस सरकार में किसी को न्याय नहीं मिल रहा है। हर वर्ग के साथ अन्याय हो रहा है। भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण बेरोजगारी की भयंकर स्थिति है।

सपाप्रमुख आज यहां गोमती नगर के विभूतिखंड स्थित होटल बजट इन के उद्घाटन एवं पुस्तक भेंट कार्यक्रम के पश्चात एकत्र लोगों को सम्बोधित कर रहे थे। होटल बजट इन के मालिकों सर्वश्री श्रवण यादव एवं शिवदास रस्तोगी ने सपा प्रमुख का स्वागत किया।

श्री यादव कहा कि कारोबार लोगों को जोड़ता है। नौकरी और रोजगार देता है लेकिन भाजपा नफरत फैलाने का काम करती है। समाज में दूरी पैदा करती है। भाजपा किसान विरोधी है। समाजवादी सरकार में किसान बाजार बनाया था। वहां किसानों को सुविधा मिलती थी लेकिन किसान बाजार भाजपा को पसंद नहीं आया।

आरएसएस और उसके प्रमुख समेत संघ के लोग स्वदेशी की बात करते हैं लेकिन पूरा भारतीय बाजार चीनी सामानों से भरा पड़ा है। भाजपा सरकार चीनी सामानों के आयात पर रोक क्यों नहीं लगाती है।

श्री यादव ने कहा कि युवाओं को नौकरी, रोजगार नहीं मिल रहा है। कुछ हजार नौकरियों के लिए लाखों नौजवान फार्म भरते है। तैयारी करते है। इंतजार करते हैं। भाजपा सरकार परीक्षाएं नहीं करा पाती है। परीक्षाएं होती है तो पेपर लीक हो जाता है। भाजपा सरकार से युवा दुःखी और पीड़ित है। भाजपा सरकार ने नई पीढ़ी के सामने संकट पैदा किया है। भाजपा सरकार विकास और रोजगार को रोकने वाली है।

उन्होंने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार के 11 वर्ष में और यूपी के लगभग 9 वर्ष के इन दोनों की 20 वर्ष की सरकार में कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं हुआ। प्रदेश की बिजली, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था सब बर्बाद कर दिया। उत्तर प्रदेश में आठ सालों में भाजपा सरकार ने एक भी यूनिट बिजली उत्पादन बढ़ाने का काम नहीं किया। बिजली व्यवस्था को जानबूझ कर बर्बाद कर दिया। अब बिजली का निजीकरण करने की तैयारी कर रही है। समाजवादी पार्टी बिजली के निजीकरण के खिलाफ है। भाजपा बिजली विभाग का निजीकरण कर विभाग की नौकरियों में आरक्षण खत्म करना चाहती है। भाजपा ने बिजली उत्पादन नहीं बढ़ाया लेकिन उपभोक्ताओं को महंगा बिजली बिल आता है। बिजली उपभोक्ताओं का बिल आधा होना चाहिए।

श्री यादव ने देश में जातीय जनगणना जल्द से जल्द कराने की मांग करते हुए कहा कि नई टेक्नालॉजी है इसका प्रयोग कर जातीय जनगणना सही आंकड़ों के साथ जल्दी करायी जानी चाहिए। जातीय जनगणना को लेकर जनता को सावधान भी रहना पड़ेगा क्योंकि देखा गया है कि भाजपा आंकड़ों के साथ खिलवाड़ करती है। जो मरने वाले आंकड़ों को लेकर झूठ बोल सकता है वह कुछ भी कर सकता है।

श्री यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार आने पर गोमती रिवरफ्रंट पर महाराजा सुहेल देव की प्रतिमा लगेगी तो उनके हाथ में सोने की तलवार होगी। वे बहुत वीर और बहादुर थे। भाजपा के लोग छोटे दिल के लोग है। बहराइच में महाराजा सुहेलदेव की प्रतिमा लगी है। जिस व्यक्ति ने महाराजा सुहेल देव का सबसे पहले सम्मान किया और जमीन दान दिया उसे नहीं पूछा गया।

श्री यादव ने पश्चिम बंगाल में भगवान जगन्नाथ जी का मंदिर बनाने के लिए मुख्यमंत्री सुश्री ममता बनर्जी जी को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने बहुत बड़ा काम किया है। भगवान जगन्नाथ जी का भव्य मंदिर बनाया है। वहां हर दिन 40 हजार लोग दर्शन करने आ रहे है। ममता जी ने भगवान जगन्नाथ जी का वैसा ही मंदिर बना कर श्रद्धालुओं को सुविधा देने का काम किया है। श्री अखिलेश यादव को मशहूर बिरहा गायक श्री काशीनाथ यादव ने अपने गीत संग्रह धरती के धरोहर अखिलेश पुस्तक भेंट की।

Universal Reporter

Popular Articles