नयी दिल्ली,21 फरवरी (वार्ता) कर्मचारी राज्य बीमा योजना में दिसंबर 2024 में 17.01 नये कर्मचारी शामिल किये गये हैं जिनमें 25 वर्ष की आयु तक के 8.22 लाख कर्मचारी हैं।
केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने शुक्रवार को यहां बताया कि दिसंबर 2024 में 17.01 लाख नए कर्मचारी जोड़े गए हैं। इसी अवधि में 20 हजार 360 नए प्रतिष्ठानों को इस योजना के सामाजिक सुरक्षा दायरे में लाया गया है।
आंकड़ों से यह पता चलता है कि दिसंबर के दौरान जोड़े गए कुल कर्मचारियों में से 8.22 लाख कर्मचारी 25 वर्ष तक की आयु वर्ग के हैं। यह संख्या कुल पंजीकृत कर्मचारियों का लगभग 48.35 प्रतिशत है।
विश्लेषण के अनुसार दिसंबर, 2024 में महिला सदस्यों का नामांकन 3.46 लाख रहा है। इसके अलावा इसी अवधि में कुल 73 ट्रांसजेंडर कर्मचारियों ने भी इस योजना के तहत पंजीकरण कराया है।